Monday, 22 September 2014

SP may clear air on Amar at 3-day meet in Oct

लंबे समय से अमर सिंह की सपा में वापसी की हवा लखनऊ में आठ से दस अक्टूबर तक होने वाले समाजवादी पार्टी के तीन दिनी राष्ट्रीय अधिवेशन में थम सकती है। माना जा रहा है कि जनेश्वर मिश्र पार्क में होने वाले इस अधिवेशन में सपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव के पार्टी में वापसी पर चर्चा हो सकती है, हालांकि यह मुद्दा पार्टी के अधिवेशन के एजेंडा में फिलहाल नहीं है। इस पार्क के उद्घाटन समारोह में अमर सिंह ने सपा सुप्रीमो के साथ मंच साझा किया था।

राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी की पहली बैठक पांच कालिदास मार्ग पर कल मुख्यमंत्री और सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई, जिसमें स्वागत समिति, आवास समिति, आवागमन समिति, भोजन और सजावट समिति बनाई गयी। बैठक में सरकार के वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव और राजेन्द्र चौधरी के अलावा लखनऊ के सभी सपा विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष व महासचिव व जिला पंचायत अध्यक्ष समेत 36 पदाधिकारियों ने भाग लिया। लखनऊ को खूबसूरत ढंग से सपा के झंडे व बैनर से सजाने की जिम्मेदारी सजावट समिति को दी गयी। पार्टी के विधायकों की अगुआई में गठित की गईं समितियों में सात से आठ सदस्य शामिल किए गए हैं। जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष समेत संगठन को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

उपलब्धियों का आकलन करेगी सपा

उपचुनाव में भारी सफलता से उत्साहित सपा सोमवार को अपनी उपलब्धियों का आकलन करेगी। जो सीटें उसके हाथ से निकल गयी उसके कारणों की तलाश होगी। सपा सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की पीठ भी थपथपायेगी। सपा मुख्यालय पर आज समीक्षा बैठक में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख लोग भाग लेंगे। बैठक में अगले चुनाव की रणनीति भी तैयार होगी।

देवरिया में बनेगा मोहन सिंह न्यास

सपा के पूर्व महासचिव और सांसद मोहन सिंह की कल पहली पुण्य तिथि पर उनके गृह जिला देवरिया में मोहन सिंह न्यास की स्थापना होगी। इस आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, प्रदेश सरकार के लोकनिर्माण और सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव भाग लेंगे। मोहन सिंह के छात्र जीवन से जुड़े प्रमुख लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।

No comments:

Post a Comment